(From 48K to 1 Crore: My Bitcoin Journey and Lessons Learnt)

संस्मरण:

बात 2016-17 की है, जब डिजिटल करेंसी का नाम भी बहुत कम लोग जानते थे। उन्हीं दिनों पहली बार मैंने Bitcoin के बारे में सुना। कुछ रिसर्च करने पर समझ में आया कि यह एक ऐसी वर्चुअल मुद्रा है जो सीमाओं से परे, बैंकों और सरकारों के दायरे से बाहर है। उस वक्त 1 Bitcoin की कीमत केवल ₹48,000 थी। यह कीमत सुनकर उत्सुकता हुई — और हिम्मत जुटाकर मैंने कुछ Bitcoins खरीद लिए।

खरीदने के बाद मुझे एक अनोखी चीज़ का पता चला: Bitcoin खरीदवाने पर 10% का कमीशन भी Bitcoin में ही मिलता था। मतलब अगर आप किसी को 10 Bitcoins खरीदवा देते, तो खुद 1 Bitcoin प्रोमोशन में मिल जाता। इसने मुझे और जोश से भर दिया।

मैंने अपने परिचितों, दोस्तों और रिश्तेदारों को इसके फायदे समझाना शुरू किया — कई लोग तो मेरी बातें सुनकर तुरंत तैयार हो गए, पर कुछ लोगों ने हँसी में उड़ा दिया, और कुछ ने संदेह से भरी निगाहों से देखा। कईयों ने कहा — “₹48,000 का ये क्या डिजिटल झुनझुना है?”

फिर भी जो लोग तैयार हुए, उन्होंने Bitcoin खरीदे। इस तरह सैकड़ों Bitcoins बिकवाए और मैं खुद भी अच्छे-ख़ासे Bitcoins का मालिक बन गया। उस समय हम लोगों से कहते थे — “कुछ साल में ये ₹2 करोड़ तक जाएगा!” पर सच्चाई यह थी कि भीतर ही भीतर खुद को भी शक होता था कि क्या सच में ऐसा होगा?

फिर आया 2018 — जब मोदी सरकार ने बैंकों को Bitcoin के लेन-देन में रुपये के भुगतान से रोक दिया। चारों ओर घबराहट फैल गई। जो लोग Bitcoin से जुड़े थे, उनमें से कई डरकर अपने Bitcoins तुरंत बेचने लगे। उस समय Bitcoin की कीमत ₹1.5 लाख तक पहुँच चुकी थी — कई लोगों ने सोच लिया कि अब इससे ज़्यादा क्या बढ़ेगा और उन्होंने अपने Bitcoin बेच डाले।

मगर कुछ लोग ऐसे भी थे जिन्होंने हिम्मत दिखाई और Bitcoins को पकड़े रखा। और फिर वही लोग आज सबसे ज्यादा फायदे में हैं।

कोविड-19 के ठीक पहले Bitcoin ने छलांग लगाई और ₹20 लाख तक पहुँच गया। और आज, अगस्त 2025 में, 1 Bitcoin की कीमत लगभग ₹99.5 लाख है।

जब पीछे मुड़कर देखता हूँ तो लगता है — ये सिर्फ पैसों की कहानी नहीं थी, बल्कि धैर्य, भरोसे और सही वक्त का इंतज़ार करने का सबक भी थी। जिन्होंने डर पर काबू पाया, वे आज सच्चे मायनों में अमीर हैं।

सीख

• नई चीज़ों के बारे में सीखना कभी न छोड़ें।

• डर के कारण जल्दबाज़ी में फैसले न लें।

• निवेश में धैर्य सबसे बड़ा हथियार होता है।

Comments

  1. काश! बिटकॉइन का मुझे समय रहते बता चल जाता, तो आज बेहतर आर्थिक स्थिति में होती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *